यूपी: यूपी के अंबेडकरनगर में कटेहरी उपचुनाव में भाजपा ने पहले राउंड की मतगणना से ही जीत की लय पकड़ ली थी। सपा सांसद लालजी वर्मा के गढ़ माने जाने वाले टांडा ब्लॉक में मतगणना के दौरान भी भाजपा प्रत्याशी धर्मराज ने बढ़त बना ली थी। यह देख लालजी ने सुबह 10 बजे से पहले ही अपने करीबियों को इशारा कर दिया कि वह यह बाजी हार चुके हैं। हुआ भी यही। बीच के कुछ चरणों में सपा ने बढ़त जरूर बनाई। लेकिन, कटेहरी और भीटी ब्लॉक में मतगणना शुरू होते ही भाजपा की जीत की संभावना आसमान छूने लगी। सपा सांसद लालजी वर्मा का गृह क्षेत्र है कटेहरी में शनिवार को मतगणना टांडा ब्लॉक से शुरू हुई। यह सपा सांसद लालजी वर्मा का गृह क्षेत्र है। यहां उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में उनकी जीत का बड़ा आधार टांडा ब्लॉक से मिली बड़ी बढ़त रही है। हालांकि, इस बार ऐसा नहीं हुआ। दस राउंड तक सपा आगे रही

भाजपा ने पहले राउंड से ही बढ़त बनानी शुरू कर दी थी। इसके बाद भाजपा कदम दर कदम आगे बढ़ती गई। दूसरे राउंड तक भाजपा की बढ़त एक हजार से अधिक वोटों की हो गई थी। तीसरे राउंड में भाजपा थोड़ी कमजोर हुई और चौथे राउंड में सपा ने पांच सौ से अधिक वोटों के अंतर से बढ़त बना ली। सातवें राउंड तक सपा की बढ़त तीन हजार से अधिक वोटों की हो गई थी। दस राउंड तक सपा आगे रही, लेकिन बढ़त का अंतर घटकर करीब डेढ़ हजार रह गया।

11वें राउंड में सपा की कुल बढ़त मात्र 766 रह गई। इसके बाद भाजपा ने निर्णायक बढ़त बनानी शुरू कर दी। 12वें राउंड में भाजपा ने एक हजार से अधिक वोटों की बढ़त बना ली। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वोटों का अंतर कदम दर कदम बढ़ता गया।

जीत का अंतर बढ़कर 33 हजार हुआ

जैसे-जैसे कटेहरी और भीटी में मतगणना आगे बढ़ रही थी, जीत को लेकर सारे अनुमान ध्वस्त होते जा रहे थे। भाजपा नेता भी आठ से दस हजार वोटों के अंतर से जीत की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन 31 राउंड की मतगणना खत्म होते-होते जीत का अंतर 33 हजार हो गया।