दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल रैली में छत्तीसगढ़ की आधी सरकार पहुंच गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने 6  मंत्रियों के साथ रैली में शामिल हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव सहित 6 मंत्री इस प्रदर्शन में शामिल नहीं हैं। बताया जा रहा है कि इस रैली में छत्तीसगढ़ के 4 हजार नेता-कार्यकर्ता पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार रात 9.30 की उड़ान से दिल्ली के लिए रवाना हुए। रात में उन्होंने कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर रैली की तैयारियों का जायजा लिया। उसके बाद वे छत्तीसगढ़ सदन में रुके। सुबह वे गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, आबकारी मंत्री कवासी लखमा और महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ एआईसीसी सचिव और विधायक विकास उपाध्याय, मुख्यमंत्री के सलाहकार और एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी और प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल आदि नेता भी वहां पहुंचे थे। यहां से सभी नेताओं को बसों से रामलीला मैदान ले जाया गया है।

कांग्रेस मुख्यालय पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, देश भर में आम जनता महंगाई से त्रस्त है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने आज महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल रैली आयोजित की है। इस रैली को मुख्य रूप से राहुल गांधी संबोधित करेंगे।