बलूचिस्तान में बाढ़ राहत अभियान में जुटा पाकिस्तान सेना का एक हेलिकॉप्टर लासबेला से लापता हो गया है। पाकिस्तान इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस ने सोमवार को इस घटना की पुष्टि की है। पाकिस्तान सशस्त्र बल आईएसपीआर के मीडिया विंग ने ट्विटर के माध्यम से जानकारी दी है ट्वीट में कहा गया है कि पाकिस्तानी सेना का एक हेलिकॉप्टर का एटीसी से संपर्क टूट गया है। यह हेलिकॉप्टर बलूचिस्तान के लासबेला में बाढ़ राहत अभियान पर था। इसमें कमांडर 12 कोर सहित छह लोग सवार थे, जो बलूचिस्तान में बाढ़ राहत कार्यों की निगरानी कर रहे थे। हेलिकॉप्टर का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क टूट गया और पिछले करीब पांच घंटे से लापता है। इस संबंध में और अधिक जानकारी जुटाई जा रही है।

पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। यहां विशेष रूप से बलूचिस्तान, सिंध, गिलगित-बाल्टिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा के बाढ़ प्रभावित जिलों में बचाव और राहत के प्रयास शुरू किए गए हैं। इन इलाकों में हजारों लोग बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं। लूचिस्तान में हाल की बारिश से विशेष रूप से लासबेला, केच, क्वेटा, सिब्बी, खुजदार और कोहलू में अचानक आई बाढ़ से उनतीस जिले प्रभावित हुए हैं।