वरिष्ठ आईएएस अधिकारी  एम. गीता का शनिवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थीं वर्तमान में वे कृषि मंत्रालय में जॉइंट सेकेट्री के पद पर कार्यरत थीं। आईएएस गीता केरल की रहने वाली थीं। उन्हें किडनी से संबंधित बीमारी थी। 27 मई को दिल्ली के बीएल कपूर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तभी से वे कोमा में भी बताई जा रही थीं। एम गीता 1997 बैच के आईएएस अधिकारी थी और उन्होंने अपने कैरियर की शुरुआत मध्य प्रदेश के डबरा में एसडीएम के रूप में की थी। वे शिवपुरी और उज्जैन कलेक्टर भी रही थीं। 

उनके निधन की खबर मिलने के बाद आईएएस अधिकारियों ने शोक जताया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ट्वीट कर शोक संवेदना जाहिर की है। उन्होंने लिखा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी डॉ एम. गीता जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। वे 1997 बैच की छत्तीसगढ़ कैडर की अधिकारी थीं। गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन में उनका योगदान अंकित है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिवारजनों को संबल दे। ॐ शांति।