छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक महिला नक्सली सहित 3 माओवादियों ने पुलिस और CRPF अधिकारियों के सामने सरेंडर कर दिया। कोंटा नक्सल ऑप्स एएसपी गौरव मंडल ने बताया कि पुलिस द्वारा जिले में चलाये जा रहे पूना नर्कोम (नई सुबह-नई शुरुआत) अभियान के तहत मंगलवार को हिंसा का रास्ता छोड़कर एक महिला सहित 3 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया। आत्मसमर्पित नक्सलियों में महिला मड़कम हिड़मे निवासी पामेड़ थाना जिला-बीजापुर, चिंतागुफा निवासी एलमागुड़ा जीआरडी डिप्टी कमांडर पुनेम जोगा और बासागुड़ा निवासी कारम सुक्कु पेद्दागेलूर जनताना सरकार उपाध्यक्ष शामिल हैं। 

एएसपी गौरव मंडल ने बताया कि नक्सल क्षेत्रों में फोर्स के दबाव में लगातार माओवादी सरेंडर कर रहे हैं या फिर मुठभेड़ में मारे जा रहे हैं। पूना नर्कोम अभियान के तहत नक्सलियों ने सरेंडर किया है। उन्हें शासन की पुनर्वास नीति का लाभ दिया जाएगा। सरेंडर करने वाले नक्सली कोंटा थाना क्षेत्र के कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। नक्सलियों को सरेंडर कराने में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का विशेष योगदान रहा।