मॉस्को । रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर मॉस्को ने आरोप लगाया है कि अमेरिका अप्रत्यक्ष रूप से इस युद्ध में शामिल है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि वाशिंगटन युद्ध में सीधे तौर पर शामिल था और उसने खुफिया जानकारी दी थी, जिसके कारण नागरिकों की सामूहिक मौतें हुई थी।
रूस ने कहा कि पूर्वी डोनबास और अन्य क्षेत्रों में आबादी वाले क्षेत्रों पर कीव द्वारा किए गए रॉकेट हमलों के लिए अमेरिका जिम्मेदार है। रूस के मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा कि यह निर्विवाद रूप से साबित करता है कि व्हाइट हाउस और पेंटागन के दावों के विपरीत वाशिंगटन यूक्रेन में संघर्ष में सीधे तौर पर शामिल है। बाइडेन प्रशासन ने फरवरी में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से कीव को सुरक्षा सहायता में अब तक 8 बिलियन से ज्यादा राशि दी है, जिसमें सोमवार को घोषित की गई अतिरिक्त 550 मिलियन डालर की किश्त भी शामिल है।
अमेरिका इससे इनकार करता आया है कि वह इस सैन्य संघर्ष में शामिल है। क्रेमलिन का यह बयान यूक्रेन के सैन्य खुफिया विभाग के कार्यवाहक उप-प्रमुख वादिम स्किबिट्स्की के एक साक्षात्कार के बाद आया है। स्किबिट्स्की ने कहा कि अमेरिका द्वारा निर्मित लंबी दूरी की हिमर आर्टिलरी सिस्टम रूसी ईंधन और गोला-बारूद के ढेर को खत्म करने में बेहद प्रभावी रही है। रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने कहा कि यूक्रेन युद्ध में अमेरिका की प्रत्यक्ष भागीदारी के लिए अब किसी दूसरी पुष्टि की जरूरत नहीं है।